
आजमगढ़। कम दाम में सोना और आईफोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगी की शिकार रौनापार थाना क्षेत्र की एक महिला को पुलिस की साइबर टीम ने 4,000 रुपये वापस करा दिए हैं। वहीं, ठगी की रकम में से 19,830.76 रुपये विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराए गए हैं। शेष धनराशि वापस कराने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी ने पीड़िता को कम कीमत पर सोना और आईफोन उपलब्ध कराने का लालच दिया था। उसके झांसे में आकर पीड़िता ने 14 अप्रैल 2026 को बताए गए स्कैनर पर 69,000 रुपये भेज दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर उसी दिन साइबर शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलने के बाद रौनापार थाने की साइबर टीम ने संबंधित बैंकों से ई-मेल और बातचीत के माध्यम से संपर्क स्थापित किया। इसके बाद ठगी की रकम में से 19,830.76 रुपये अलग-अलग खातों में होल्ड कराए गए। इनमें से 4,000 रुपये एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पोर्टल पर शेष होल्ड धनराशि अपडेट होने के बाद उसे भी वापस कराने की कार्रवाई की जाएगी।
