खड़ंजा निर्माण के विवाद में संघर्ष का मामला, ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमले का था आरोप, महिला समेत कई थे घायल, वीडियो हुआ था वायरल, श्रीचंद्र मौर्य की तहरीर पर अविनाश यादव समेत नौ नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, CO सिटी ने कहा वैधानिक कार्रवाई जारी

Uncategorized

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के अइनिया गांव में खड़ंजा निर्माण को लेकर हुए विवाद में संघर्ष हो गया था। आरोप है कि निर्माण कार्य का विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस के सामने ही ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला किया गया था, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। जिसका वीडियो वायरल हुआ था। एक महिला को गंभीर चोटें आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अइनिया गांव निवासी श्रीचंद्र मौर्य ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव में मोजरापुर निवासी अविनाश यादव के उकसाने पर वादी के भूमिधरी में जबरन खड़ंजा का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण कार्य रोकने को लेकर विवाद होने पर गांव के कुछ लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और मारपीट करने लगे। आरोप है कि इस दौरान ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया। हमले में कई लोगों को चोटें आईं। कमलेश के ईंट से हमले में शांति गंभीर रूप से घायल हुई। महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। उसने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
शहर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर अविनाश यादव निवासी मोजरापुर, सिधवा पत्नी इनरु, कंचन पत्नी बृजेश, कमलेश पुत्र सुभाष, आशीष पुत्र सुभाष, सतीश पुत्र सूबेदार, राकेश पुत्र स्व हरदेव, रमेश पुत्र स्व हरदेव और गणेश पुत्र पुल्लू निवासीगण आइनिया समेत गांव के कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3), 131, 125 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति को सौंपी है। मामले में CO सिटी शुभम तोदी ने बताया था कि मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई जारी है। वहीं अविनाश यादव ने कहा कि वह आइनिया के नहीं रहने वाले हैं। वह केवल रास्ते के लिए परेशान लोगों की बात सुनने के लिए गए थे। दावा किया कि उपरोक्त दोनों पक्षों में केवल तू तू मैं मैं और थोड़ा बहुत धक्का मुक्की हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *