






आजमगढ़। थाना सरायमीर पुलिस ने नाजायज मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को 08 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त रेलवे पटरी के किनारे बैठकर संदिग्ध गतिविधि कर रहा था, जिसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त, वांछित अपराधियों की तलाश और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नन्दांव मोड़ पर मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खानकाह से गाहूखोर जाने वाले मार्ग पर रेलवे पटरी के किनारे एक व्यक्ति नाजायज हेरोइन के साथ मौजूद है। सूचना पर तत्काल क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरणपाल सिंह को अवगत कराते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम मनीष सोनकर पुत्र श्यामलाल उर्फ तेजू सोनकर निवासी पूनापोखर थाना सरायमीर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से सफेद पॉलिथीन में 08 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसे इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलकर पुष्टि की गई। बरामदगी के संबंध में वैध दस्तावेज न दिखा पाने पर उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 94/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि वह न्यायालय में अपना पक्ष रखेगा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कुल छह मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक पंकज यादव, हेड कांस्टेबल विजय तिवारी, हेड कांस्टेबल राकेश उपाध्याय, कांस्टेबल अंकुर सिंह और कांस्टेबल आलोक शुक्ला शामिल रहे।
