
आजमगढ़। दुष्कर्म के मामले में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने फूलपुर थाना प्रभारी को चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया है। एसीजेएम कोर्ट नंबर-10 की न्यायिक अधिकारी नीतिका राजन ने मामले के तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए यह आदेश दिया। पीड़िता ने अपने अधिवक्ता विंध्यवासिनी प्रसाद सिंह के माध्यम से न्यायालय में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया था।
प्रार्थनापत्र के अनुसार, पीड़िता फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज की छात्रा है। आरोप है कि उसी कॉलेज में पढ़ने वाले आकाश सोनकर, सुनील यादव, बरनीत यादव और सनी गौतम अक्सर उसके साथ छेड़खानी करते थे। इसी बीच पीड़िता की शादी दूसरी जगह तय करने की बात चलने लगी तो आरोप है कि आकाश सोनकर ने 23 जुलाई 2026 को उसके पिता और भाई को धमकी दी। इसकी सूचना स्थानीय थाने पर दिए जाने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था।
पीड़िता के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को वह अपनी बहन के साथ पिता की दुकान से घर लौट रही थी। बूंदाबांदी होने पर दोनों एक पेड़ के नीचे रुक गईं। इसी दौरान आकाश सोनकर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि कट्टे के बल पर पीड़िता को पास के बाजरे के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया, जबकि उसके साथियों ने भी इसमें सहयोग किया।
मामले में सुनवाई के बाद अदालत ने फूलपुर थाना प्रभारी को आकाश सोनकर समेत चारों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच करने का निर्देश दिया है।
