दो बड़ी घटनाओं का खुलासा करने वाली पुलिस टीम सम्मानित, एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला, पौहारी बाबा मंदिर चोरी कांड का पर्दाफाश कर 20 घंटे, एक लाख रुपये और दो वाहन बरामद; 17 साल से फरार 25 हजार का इनामी भी गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। जिले में दो महत्वपूर्ण मामलों का सफल अनावरण करने और करीब 17 वर्षों से फरार 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सम्मानित किया। गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी ने टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की और उत्साहवर्धन किया।

पहले मामले में मेहनगर थाना क्षेत्र स्थित पौहारी बाबा मंदिर से दो बार में चोरी किए गए 20 पीतल के घंटों की बरामदगी पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। मंदिर से 29 सितंबर की रात 11 घंटे और एक अक्टूबर की रात नौ घंटे चोरी किए गए थे। इस संबंध में मेहनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

तीन और चार अक्टूबर की रात मेहनगर तथा तरवां थाने की संयुक्त पुलिस टीम खरिहानी-चिरैयाकोट मार्ग स्थित विशुनपुरा मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो चार पहिया वाहनों में चोरी के घंटे रखकर उन्हें एक वाहन से दूसरे वाहन में स्थानांतरित किया जा रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी के 20 पीतल के घंटे, बिक्री से प्राप्त एक लाख रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल किए गए दो चार पहिया वाहन बरामद किए गए। पूछताछ में गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र स्थित मंदिर से चार घंटे चोरी करने का मामला भी सामने आया।

दूसरे मामले में तरवां थाना पुलिस ने वर्ष 2009 में दर्ज दो मुकदमों और गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित मोनू मिश्रा उर्फ बृजेश मिश्रा को गिरफ्तार किया। अभियुक्त पर दो युवतियों को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने के आरोप में मुकदमे दर्ज थे। वह वर्ष 2010 से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 27 नवंबर 2022 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने 23 सितंबर 2026 को उसे ग्राम डुभाव के पास नवरसिया पुलिया से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ।

इन दोनों मामलों के सफल खुलासे और गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उपनिरीक्षक राजीव कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कृष्णा मिश्रा, उपनिरीक्षक अक्षय प्रताप सिंह, सूरज तिवारी, अतुल मिश्रा तथा आरक्षी विपिन यादव, रतनेश, आशुतोष, शहबाज और कमलेश कुमार यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता और कर्तव्यनिष्ठा से महत्वपूर्ण मामलों के खुलासे में सफलता मिली है। उन्होंने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *