
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में देशी शराब की दुकान पर जाली नोट देकर शराब खरीदने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 100 रुपये का एक जाली नोट बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी रौनापार थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।
सहदेवगंज निवासी देशी शराब की दुकान के सेल्समैन उदयभान यादव ने छह अक्टूबर को पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप है कि रामअशीष यादव उर्फ बग्गड़ ने अपने साथी पंकज राय उर्फ विनय कुमार राय को 100-100 रुपये के दो जाली नोट देकर गांगेपुर मठिया स्थित देशी शराब की दुकान से शराब खरीदने के लिए भेजा था। तहरीर के आधार पर रौनापार थाने में बीएनएस की धारा 179 और 180 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रौनापार पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पंकज राय उर्फ विनय कुमार राय निवासी जोकहरा को पहाड़पुर गोड़ौली इंटरलॉकिंग के पास से सुबह करीब 6:17 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 100 रुपये का एक जाली नोट बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 45 वर्ष है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 में रौनापार थाने में मारपीट, धमकी और दहेज प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित एक मुकदमा तथा एक अन्य मामले में गैर इरादतन हत्या के प्रयास और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। जाली नोट के मामले में उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 179/180 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रमेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामअनुज शुक्ला और कांस्टेबल रविशंकर चौरसिया शामिल रहे।
