डिवाइडर तोड़ ट्रक से भिड़ी कार, दो युवकों की मौत, तीन गंभीर, एनएच-233 पर दर्दनाक हादसा, कार धुलवाने घर से निकले थे पांचों युवक

Uncategorized

आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर गांव के पास बुधवार को आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर एनएच-233 पर भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।

जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के सरायबीरू गांव निवासी शीतल (19), रोहन (19), विशाल (18), परविंद (20) और साहिल (20) बुधवार को कार धुलवाने के लिए घर से निकले थे। पांचों युवक देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास ओवरब्रिज से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसी। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखचे उड़ गए और उसमें सवार पांचों युवक अंदर फंस गए। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे पांचों युवकों को बाहर निकाला गया। इनमें शीतल और रोहन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि विशाल, परविंद और साहिल गंभीर रूप से घायल मिले।

पुलिस ने तीनों घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय, लालगंज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए आजमगढ़ रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए आजमगढ़ भेज दिया।

देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक और घायल तीनों युवक जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के सरायबीरू गांव के निवासी थे। पांचों युवक कार धुलवाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मोलनापुर के पास कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *