
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के भटौरा गांव के पास शुक्रवार की शाम करीब सात बजे सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक की कहीं अन्यत्र हत्या या पिटाई करने के बाद उसे किसी वाहन से लाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए सड़क किनारे फेंक दिया गया।
बताया जाता है कि सठियांव-मुबारकपुर मार्ग पर स्थित भटौरा गांव में बिजली न होने के कारण शुक्रवार की शाम काफी अंधेरा था। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति उधर से गुजर रहा था। उसकी नजर सड़क किनारे पड़े युवक पर पड़ी तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हालांकि अंधेरा होने और युवक की पहचान नहीं हो पाने के कारण ग्रामीणों में असमंजस की स्थिति बनी रही।
