
आजमगढ़। देवगांव पुलिस ने अंतर्जनपदीय शातिर चोरों के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर के विभिन्न थानों में कुल 34 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का भी अनावरण किया है।
पुलिस के मुताबिक, बीते 30 सितंबर की रात देवगांव थाना क्षेत्र के गोपालपुर सोठौली गांव निवासी रामाशंकर यादव के घर के बरामदे में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो टीवी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया गया था। इसके बाद 10 अक्टूबर को कंजहित गांव निवासी शिवशंकर के घर में घुसकर बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। दोनों मामलों में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
