
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के ऊसरगावा गांव में रविवार अलसुबह एक युवक का शव घर के बरामदे में संदिग्ध परिस्थितियों में गमछे के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी 35 वर्षीय मो. तबरेज शेख पुत्र महमूद अहमद का शव घर के बरामदे में टीन शेड के नीचे लगी लोहे की रॉड से गमछे के सहारे लटका मिला। मृतक की पत्नी निगार फातमा बानो ने बताया कि शनिवार रात दोनों पति-पत्नी बातचीत करने के बाद सोने चले गए थे। बिजली न होने के कारण तबरेज ने बाहर चारपाई पर सोने की बात कही थी। रविवार सुबह करीब पांच बजे जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो पति का शव लटका देख घबरा गईं और शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
पत्नी के अनुसार तबरेज करीब एक माह पहले मुंबई से घर आए थे और रविवार को ही वापस मुंबई जाने वाले थे। दोनों की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी। परिवार के अन्य सदस्य मुंबई में निजी कार्य करते हैं, जबकि घर आबादी से कुछ दूर एकांत स्थान पर स्थित है।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं ग्रामीणों के अनुसार निगार फातमा बानो मृतक की तीसरी पत्नी हैं। बताया जाता है कि उनकी पहली पत्नी की मृत्यु फांसी लगाने से हुई थी, जबकि दूसरी पत्नी की मौत प्रसव के दौरान हो गई थी।
मौके पर एसआई महेंद्र सिंह यादव, मनीष सिंह और विनोद कुमार सहित पुलिस टीम ने जांच-पड़ताल की। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
