हाइवे किनारे संदिग्ध हालत में मिला प्रॉपर्टी डीलर युवक का शव, खून से लथपथ होने पर परिजनों का हत्या का आरोप, पुलिस के अनुसार सड़क हादसा की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी पुष्टि

Uncategorized

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा गांव के पास आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार की रात बाइक सवार युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिजरवा गांव निवासी 35 वर्षीय मुकेश यादव के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश और भूमि विवाद में लोहे की रॉड से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
मृतक के भाई अरविंद यादव ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनके परिवार का लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद के निस्तारण के लिए मुकेश ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। मंगलवार की रात अरविंद अपने भाई मुकेश और शैलेश के साथ बिजरवा स्थित पुराने मकान पर बैठे बातचीत कर रहे थे। कुछ देर बाद मुकेश बाइक से अपने नए मकान के लिए रवाना हो गए।
आरोप है कि बिजरवा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास पहुंचते ही विपक्षियों ने मुकेश को रोककर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के दौरान मुकेश ने शोर मचाया, लेकिन हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद राहगीरों से घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मुकेश को जिला अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के भाई ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुबारकपुर थानाध्यक्ष शशिचंद चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बनकट चौकी प्रभारी ने सड़क हादसे की आशंका जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *