आजमगढ़ पुलिस ने 253 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को सौंपे, 63.25 लाख रुपये है कीमत, फरवरी 2024 से अब तक 6,288 मोबाइल फोन बरामद, करीब 15.72 करोड़ रुपये के मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाए गए

Uncategorized

आजमगढ़। जिले में गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने 253 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 63 लाख 25 हजार रुपये है। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मोबाइल धारकों की ओर से सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर पुलिस की सीसीटीएनएस टीम मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामदगी की कार्रवाई करती है।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक कुल 2,651 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ 62 लाख 75 हजार रुपये है। वहीं, फरवरी 2024 से अब तक जिले में कुल 6,288 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ 72 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या खो जाने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल की तलाश और बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *