
आजमगढ़। दीपावली के बाद भी अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका क्षेत्र स्थित एक दुकान पर छापेमारी कर करीब 3.5 क्विंटल अवैध पटाखे और अन्य विस्फोटक व ज्वलनशील सामग्री बरामद की है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार, 6 नवंबर को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय पुलिस टीम के साथ कार्रवाई के लिए निकले थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने नगर पालिका स्थित आरोपी की दुकान पर छापेमारी की। शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे की गई कार्रवाई में दुकान से आठ बड़े गत्तों और दो प्लास्टिक की बोरियों में रखे अवैध पटाखे तथा अन्य विस्फोटक व ज्वलनशील सामग्री बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय आदर्श गर्ग पुत्र श्रीनाथ दास अग्रवाल निवासी मोहल्ला कुर्मीटोला, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 570/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी(1)(ए)(बी) तथा बीएनएस की धारा 287 और 288 में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में रानी की सराय थाने में दुर्घटना से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।
कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, चौकी प्रभारी प्रमोद यादव, अभिषेक कुमार मिश्रा, नरेंद्र विक्रम सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
