ओवरटेक के प्रयास में कार ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, तीन की मौत, सात घायल, भीषण सड़क हादसे में टेंपो के उड़े परखच्चे, दो की मौके पर मौत, तीसरी महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम; तीन अन्य की हालत गंभीर

Uncategorized

आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बेलसिया गांव के पास शुक्रवार को ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सवारियों से भरे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में टेंपो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में सात लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
मृतकों की पहचान प्रमिला (51) पत्नी स्वर्गीय राजनाथ चौहान निवासी मकसुदिया, कोतवाली फूलपुर, दिनेश (45) पुत्र पतिराज हरिजन निवासी नियाउज, फूलपुर और अंतर्ध्यानी (60) पत्नी राम लवटन गौड़ निवासी करौजा के रूप में हुई है। अंतर्ध्यानी की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हुई। उनके परिवार में पांच बेटियां हैं।

हादसे में मो. अतहर (19) पुत्र अशहर और मो. उमैर (17) पुत्र आशिफ निवासी लखमापुर, थाना पवई, यूसुफ (19) पुत्र आफताब आलम निवासी टेऊंगा, फूलपुर, शादान (17) पुत्र मुन्ना निवासी उदपुर, फूलपुर, मुस्तकीन (23) पुत्र खलील अहमद निवासी मुड़ियार ईदगाह और मो. अशरफ (38) पुत्र मो. इसहाक निवासी पलियाअदाई, फूलपुर घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि टेंपो में पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन की मौत हो गई और दो घायल हुए। वहीं स्विफ्ट कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। कार सवार भी हादसे में घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अंबारी पुलिस चौकी प्रभारी सतेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतका प्रमिला के पति की दो वर्ष पूर्व कैंसर से मौत हो चुकी थी। परिवार में उनके दो बेटे योगेंद्र (20), नागेंद्र (18) और दो बेटियां करीना (17), रबीना (16) हैं। मां की मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया। वहीं दिनेश की मौत से उनकी पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनेश के कोई संतान नहीं थी।
फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *