
आजमगढ़। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और चोरी-छिपे बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बरदह पुलिस ने ठेकमा बाजार की दो दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान जनरल स्टोर और पुस्तक भंडार से कुल 380 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों दुकानों के संचालकों को गिरफ्तार किया है। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 3.40 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में 5 नवंबर को ठेकमा बाजार में पुलिस की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अजय एंड राम जनरल स्टोर और आशीष पुस्तक भंडार पर अलग-अलग छापेमारी की।
पहली कार्रवाई में अजय एंड राम जनरल स्टोर से 280 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दुकान संचालक अजय कुमार वरनवाल उर्फ रिंकू (45) पुत्र स्व. चन्द्रबली निवासी ग्राम दीक्षितपुर उर्फ संकल्पपुर, थाना बरदह को रात करीब 10:10 बजे गिरफ्तार किया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में आशीष पुस्तक भंडार से 100 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपये है। पुलिस ने दुकान संचालक अभिषेक गुप्ता (32) पुत्र ज्ञान चंद गुप्ता निवासी ठेकमा बाजार को रात करीब 11:10 बजे गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ बरदह थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अजय कुमार वरनवाल के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 347/2026 और अभिषेक गुप्ता के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 348/2026 के तहत बीएनएस की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी में कार्रवाई की गई है।
थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद पटेल, पुनीत कुमार श्रीवास्तव समेत थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
