दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 15 वर्षीय किशोर की मौत, तीन गंभीर घायल, आजमगढ़ गोरखपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, पिता की मौत के बाद परिवार का सहारा बना किशोर भी चला गया; घर में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर सोमवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना केशवपुर गांव के समीप शारदा सहायक खंड-32 नहर के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिऊटीडाड़ गांव निवासी गोलू (15) पुत्र स्वर्गीय राजू अपने साथी करन कुमार (24) निवासी हरदौली के साथ बाइक से लाटघाट से दोहरीघाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान जीयनपुर थाना क्षेत्र के करमड़ी गांव निवासी मनीष सिंह (27) और लाटघाट क्षेत्र के मोचीपुर निवासी सूर्यांशु चौरसिया (28) दूसरी बाइक से काखभार की तरफ से लाटघाट आ रहे थे। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे केशवपुर गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सीएचसी लाटघाट पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गोलू को मृत घोषित कर दिया। वहीं करन, मनीष और सूर्यांशु की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आजमगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाला गोलू दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में उसकी दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। बचपन में ही पिता की मृत्यु हो जाने के बाद वह परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटा रहा था। वह दोहरीघाट की एक किराना दुकान पर काम करता था। सोमवार को वह अपने साथी के साथ किसी काम से लाटघाट आया था। घर लौटते समय हुए हादसे में उसकी जान चली गई। किशोर की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

इस संबंध में रौनापार थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि दुर्घटना के समय दोनों बाइकों पर सवार किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *