फीस और अन्य बातों को लेकर छात्रा को अपमानित करने का आरोप, शिक्षक गिरफ्तार, परिजनों ने प्रधानाचार्य और शिक्षक पर लगाया था आरोप

Uncategorized

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ स्थित मां जगेश्वरी देवी इंटर कॉलेज में 14 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। मामले में विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव और कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार के विरुद्ध शिकायत दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य और कक्षा अध्यापक फीस एवं अन्य बातों को लेकर आए दिन छात्रा को अपमानित करते थे। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में 8 नवंबर को प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना सिधारी में मुकदमा संख्या 448/26 धारा 107 बीएनएसएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले में कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ रविवार को दौलतपुर तमसा नदी पुल के पास से आरोपी रिंकू कुमार (39) पुत्र केदार राम निवासी बैठौली, थाना सिधारी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का समय शाम 4:05 बजे बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव, कांस्टेबल गौरव जायसवाल, अवधेश कुमार गुप्ता और शनि कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *