दीपावली पर पटाखा फेंकने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमला; युवती समेत कई घायल, किशोरी के सिर में गंभीर चोट, बार-बार बेहोश होने पर सदर अस्पताल रेफर; एक अन्य किशोर के हाथ में फ्रैक्चर

Uncategorized

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरिश्चन्द्रपुर गांव में दीपावली की रात पटाखा फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि विरोध करने पर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में महिलाओं और किशोरों समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए। मारपीट के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पीड़ित पृथ्वी राम प्रताप सरोज पुत्र लालबहादुर सरोज के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे उनके घर के सामने सड़क पर दीपावली के पटाखे जलाए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग उनके घर की तरफ पटाखे फेंकने लगे। इसका विरोध करने पर विपक्षी पक्ष के लोग गाली-गलौज करने लगे और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट में राम प्रताप (48) पुत्र लालबहादुर, निखिल (18) पुत्र राम प्रताप, करन (17) पुत्र भानू प्रताप और कुसुम (22) पुत्री राम अवतार समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर ले जाया गया। कुसुम के सिर में गंभीर चोट लगने और बार-बार बेहोश होने के कारण चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया। वहीं, किशोर करन के हाथ में फ्रैक्चर होने पर उसे भी बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। दोनों का उपचार चल रहा है।
पीड़ित ने गंभीरपुर थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर मिथुन सरोज, बबलू, रमेश, आशीष, वशिष्ठ सरोज, सचिन सरोज, सतीश सरोज, विपिन सरोज और राममिलन सरोज समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में गोसाई की बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अश्वनी मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *