
आजमगढ़। दीपावली पर सुरक्षा के मद्देनजर शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज मैदान में प्रशासन की ओर से आतिशबाजी की दुकानों और स्टॉलों की व्यवस्था कराई गई थी। लेकिन दीपावली की रात इसी मैदान में आतिशबाजी की खरीदारी को लेकर ग्राहकों और दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज में और फिर मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक जमकर मारपीट हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आतिशबाजी की बिक्री के लिए मैदान में दुकान लगाने पहुंचे दुकानदार इस दौरान असहाय नजर आए, जबकि कुछ युवक मारपीट पर उतारू थे। विवाद बढ़ने के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई। युवक एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते रहे। मारपीट के दौरान बेल्ट, कुर्सी और दुकान के स्टॉल सहित जो भी सामान हाथ लगा, उसी से एक-दूसरे पर हमला किया गया।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आधी रात के समय मैदान में युवाओं की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। इसमें कुछ युवक बेल्ट और अन्य सामान से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि काफी देर तक मैदान में हंगामा और मारपीट होती रही, लेकिन वायरल वीडियो में कहीं भी सुरक्षा कर्मी नजर नहीं आ रहे हैं।
दीपावली पर भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों की सुरक्षा के उद्देश्य से प्रशासन ने आतिशबाजी की दुकानों के लिए अलग मैदान निर्धारित किया था। ऐसे में उसी स्थान पर इस तरह की मारपीट की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब वायरल वीडियो के आधार पर घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
