जरूरतमंदों की मदद के लिए गुड्डू जमाली ने बढ़ाया हाथ, 21 ठेला और 18 ट्राइसाईकल का किया वितरण, 85 लोगों को आर्थिक सहायता के रूप में 10 लाख से लेकर 10 हजार तक के चेक भी सौंपे, गरीब परिवारों की बेटियों की शादी और इलाज के लिए दी गई मदद

Uncategorized

आजमगढ़। समाज के जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) एवं मुबारकपुर के पूर्व विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने एक बार फिर सहायता अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोगों को उपयोगी सामग्री और आर्थिक सहयोग प्रदान किया। बाजबहादुर स्थित अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जरूरतमंदों को 21 ठेला, 18 ट्राइसिकल, एक साइकिल और एक व्हीलचेयर वितरित की। इसके साथ ही 85 लोगों को चेक के माध्यम से आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, गरीब बच्चियों की शादी, जरूरतमंदों के इलाज और आजीविका चलाने के लिए सहायता दी गई। ठेला प्राप्त करने वाले लोगों को इसके माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने और अपने परिवार का भरण-पोषण करने में मदद मिलेगी। वहीं ट्राइसिकल और व्हीलचेयर के माध्यम से दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

इस अवसर पर शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद और प्रतिष्ठा हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद करने और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का जरिया है। जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहयोग करना ही उनके लिए सच्ची राजनीति और सबसे बड़ी समाजसेवा है। उन्होंने कहा कि यही समाजवादी पार्टी की मूल नीति भी है और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सोच भी इसी दिशा में है।
कार्यक्रम में मौजूद समाजवादी पार्टी के आजमगढ़ जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद और वंचित लोगों की मदद करना बेहद सराहनीय कार्य है। ऐसे प्रयासों से जरूरतमंदों को न केवल आर्थिक और सामाजिक सहारा मिलता है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर भी प्राप्त होता है।
वितरण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लाभार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता प्रदान की गई। मुबारकपुर, बिलरियागंज, जहानागंज, सठियांव, निजामाबाद, मार्टिनगंज, जीयनपुर, कंधरापुर और शहर सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों को इस अभियान से लाभ मिला। किसी को रोजगार शुरू करने के लिए ठेला दिया गया तो किसी को आवागमन की सुविधा के लिए ट्राइसिकल और व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज, बेटियों की शादी और अन्य आवश्यकताओं के लिए चेक दिए गए।

इस सहायता अभियान के तहत अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कुल 41 लोगों को ठेला, ट्राइसिकल, साइकिल और व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गईं, जबकि 85 लोगों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ उन्हें स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *