प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा; डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप, नवजात का चल रहा उपचार, सीएमओ के निर्देश पर अस्पताल बंद; पुलिस मामले की जांच में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़ पटवध से बबलू राय।
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के बनकटा बाजार गोसाई स्थित शारदा हॉस्पिटल में सोमवार की रात प्रसव के दौरान एक प्रसूता की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। वहीं नवजात बच्चे का उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, रौनापार थाना क्षेत्र के बहावनपुर गांव निवासी मनीता पासवान पत्नी मंटू पासवान को प्रसव पीड़ा होने पर बनकटा बाजार गोसाई स्थित शारदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सोमवार की रात प्रसव के दौरान अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रसूता की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते प्रसूता की जान गई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार की रात ही अस्पताल को बंद करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कराकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रसूता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *