तिराहे पर सड़क जाम और पुलिस से धक्का-मुक्की के मामले में आठ गिरफ्तार, एम्बुलेंस और राहगीरों का रास्ता रोकने का आरोप, तहबरपुर पुलिस ने घरों पर दबिश देकर पकड़ा

Uncategorized

आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के टीकापुर तिराहे पर सड़क दुर्घटना के बाद जाम लगाकर हंगामा करने और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने आठ वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लाठी-डंडों के साथ रास्ता अवरुद्ध कर दिया था, जिससे एम्बुलेंस, स्कूली बच्चों, राहगीरों और अन्य वाहनों का आवागमन बाधित हुआ।

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को करीब 11 बजे टीकापुर तिराहे पर सड़क दुर्घटना के बाद कुछ लोगों ने घायल के परिजनों को उकसाकर सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप है।

उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी की तहरीर पर तहबरपुर थाने में मुकदमा संख्या 156/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सात सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 15 अक्टूबर को थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आठ वांछित अभियुक्तों को उनके घरों से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में शिवनाथ गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, मो. अजमल, मनीष यादव, मंगेश यादव, त्रिभुवन यादव, लोकेश यादव और राधेश्याम प्रजापति शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी आजमगढ़ जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं। लोकेश यादव के विरुद्ध वर्ष 2022 में भी तहबरपुर थाने में मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख है।

आजमगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी घटना के विरोध में सड़क जाम कर आमजन और एम्बुलेंस का रास्ता बाधित न करें। किसी भी शिकायत के समाधान के लिए वैधानिक माध्यमों का सहारा लें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *