
आजमगढ़। नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवतियों को बिहार ले जाकर अनैतिक व्यापार में धकेलने वाले गिरोह के खिलाफ अहरौला पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। पुलिस ने गिरोह के सदस्य गफ्फार मिया (42) को बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस इससे पहले गिरोह के दो सदस्यों अभिषेक राज और उसकी पत्नी सितारा खातून को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को अहरौला थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी करीब 18 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में अहरौला थाने में मुकदमा संख्या 70/2026 धारा 87 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान मामले में धारा 143, 144 और 111 बीएनएस के साथ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 5 की बढ़ोतरी की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह के सदस्य युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बिहार ले जाते थे और वहां अनैतिक व्यापार में संलिप्त लोगों के हाथों बेच देते थे। इस मामले में 6 नवंबर को पुलिस ने बिहार के पूर्वी चंपारण से अभिषेक राज और उसकी पत्नी सितारा खातून को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ और विवेचना के दौरान गफ्फार मिया का नाम सामने आया।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत निरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में अहरौला पुलिस टीम ने बिहार के पूर्वी चंपारण में दबिश दी। पुलिस ने 9 नवंबर की रात करीब नौ बजे थाना मधुबन क्षेत्र के सरैया गांव स्थित उसके घर से गफ्फार मिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अकेली एवं परेशान युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद उन्हें बिहार ले जाकर सरिता नामक महिला के हाथों बेच दिया जाता था, जहां उनका शोषण कर अनैतिक व्यापार कराया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कुशीनगर, महराजगंज, देवरिया और गोरखपुर सहित विभिन्न जनपदों की दर्जनों युवतियों को नौकरी का झांसा देकर बेचने की बात बताई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गफ्फार मिया पुत्र नवाजुद्दीन मिया निवासी सरैया मधुवन, थाना मधुवन, जिला पूर्वी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ देवरिया जिले के खुखुन्दू थाने में वर्ष 2024 में धारा 363 भादवि के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
इस मामले में पुलिस को अभी बिन्द्या, सुरेश राम, छोटू राम, महेश, गीता, सरिता और अली समेत सात अन्य आरोपियों की तलाश है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी, कांस्टेबल सुधीर प्रजापति, अमित पाण्डेय और महिला कांस्टेबल वन्दना सिंह शामिल रहीं।
