डीएवी कॉलेज मैदान में पटाखा स्टालों के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, डीएम से जांच की मांग, छोटे दुकानदारों से 13 से 15 हजार रुपये वसूलने का दावा, फायर ब्रिगेड की अनुमति और सुरक्षा इंतजामों पर भी उठाए सवाल

Uncategorized

आजमगढ़। शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज मैदान में 6 से 9 नवंबर तक लगाए गए पटाखों के स्टालों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मिथिलेश चौरसिया नागवंशी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर आयोजन में अवैध वसूली, वित्तीय अनियमितता और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की किसी स्वतंत्र उच्चाधिकारी से समयबद्ध और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि पटाखों की दुकान लगाने वाले गरीब और छोटे दुकानदारों से प्रति दुकान 13 हजार से 15 हजार रुपये तक की वसूली की गई। इसके एवज में कोई वैध रसीद भी नहीं दी गई। उन्होंने दुकानों के आवंटन से संबंधित अभिलेख और नकद वसूली रजिस्टर तत्काल जब्त कर जांच कराने की मांग की है।

इसके साथ ही आयोजन में अग्निशमन विभाग की अनुमति और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आयोजन के लिए फायर ब्रिगेड से अनुमति नहीं ली गई थी। मौके पर न तो फायर टेंडर की तैनाती थी और न ही प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन निकास की समुचित व्यवस्था की गई थी। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच आग लगने की स्थिति में गंभीर हादसा हो सकता था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आवश्यक विभागीय अनुमतियों और व्यापारिक लाइसेंस के बिना ही बड़ी संख्या में पटाखों की दुकानें संचालित होने दी गईं। मिथिलेश चौरसिया नागवंशी ने कहा कि शिकायत किसी व्यक्तिगत रंजिश के तहत नहीं, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग को रोकने और आयोजन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
उन्होंने जिलाधिकारी से दुकानें आवंटित कराने वाले जिम्मेदार लोगों और आयोजनकर्ताओं की भूमिका की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ विधिक एवं विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष जय जय प्रजापति एडवोकेट, नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, नगर महामंत्री नीरज सिंह, सभासद मुन्ना निषाद और बाबू राम चौहान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *