नाबालिग छात्रा की आत्महत्या के मामले में प्रधानाचार्य अखिलेश यादव गिरफ्तार, कक्षा अध्यापक पहले ही जा चुका है जेल, फीस और अन्य बातों को लेकर छात्रा को प्रताड़ित करने का आरोप, सिधारी पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी हिरासत में लिया

Uncategorized

आजमगढ़। फीस और अन्य बातों को लेकर 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा को कथित रूप से अपमानित किए जाने के बाद विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या करने के मामले में सिधारी पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार को 8 नवंबर को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में नामजद दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को थाना सिधारी में प्राप्त प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया था कि मां जगेश्वरी देवी इंटर कॉलेज, शाहगढ़ के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव और कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार द्वारा फीस एवं अन्य बातों को लेकर आए दिन 14 वर्षीय छात्रा को अपमानित किया जाता था। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी।
इस संबंध में थाना सिधारी में मुकदमा संख्या 448/26 धारा 107 बीएनएसएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना के क्रम में पुलिस ने मंगलवार को उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए प्रधानाचार्य अखिलेश यादव पुत्र रामनवल यादव निवासी निबी बुजुर्ग, पोस्ट बम्भौर, थाना मुबारकपुर को सुबह करीब 10:55 बजे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
गौरतलब है कि इस मामले में कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार पुत्र केदार राम निवासी बैठौली, थाना सिधारी को 8 नवंबर को ही गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *