
आजमगढ़। भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का पूजनोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भाजपा प्रदेश समन्वयक प्रकोष्ठ एवं विभाग ओमप्रकाश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय तथा विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पूजनोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के आयोजन और व्यवस्थाओं में भाजपा प्रदेश संयोजक खेल-कूद प्रकोष्ठ एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा लालगंज सूरज प्रकाश श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूजनोत्सव के दौरान वक्ताओं ने भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे समस्त जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले तथा न्याय और धर्म के अधिष्ठाता देवता हैं। उनकी आराधना सत्य, न्याय और सद्कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
मंदिर विकास के लिए 1.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव
कार्यक्रम में सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि उनके प्रयासों से भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के मंदिर के विकास के लिए धर्मार्थ कार्य विभाग से 1 करोड़ 50 लाख रुपये का प्रस्ताव किया गया है। प्रस्तावित धनराशि से मंदिर परिसर का विकास कराने के साथ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और धार्मिक गतिविधियों को व्यवस्थित करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि समस्त जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। इसी भावना के तहत पूजनोत्सव में सर्वसमाज के लोगों को आमंत्रित किया गया। मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का केंद्र है। इसका विकास आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में सहायक होगा।
मुख्य अतिथि मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का पूजनोत्सव धार्मिक आयोजन के साथ ही सामाजिक एकता, संस्कार और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। भगवान चित्रगुप्त सत्य, न्याय, विवेक और कर्म की पवित्रता का संदेश देते हैं, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने मंदिर विकास के लिए सूरज प्रकाश श्रीवास्तव के प्रयासों की सराहना की। भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने भी पूजनोत्सव को सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए लोगों से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
कार्यक्रम के मंच से समाज के सभी वर्गों के लोगों से आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
ये लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर श्री चित्रगुप्त वंशीय जनपद सभा के संरक्षक अशोक अस्थाना, अध्यक्ष अरुण प्रकाश श्रीवास्तव, मंत्री विवेक श्रीवास्तव, पूजन समिति अध्यक्ष सुनील कुमार श्रीवास्तव, राजनारायण लाल, संतोष श्रीवास्तव, मनोज अस्थाना, प्रहलाद श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव सभासद, विशाल श्रीवास्तव, जिला मंत्री भाजयुमो अमन श्रीवास्तव, सौरभ श्रीवास्तव, बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट रजनीश श्रीवास्तव, मयंक श्रीवास्तव, हर्ष श्रीवास्तव, पल्लव श्रीवास्तव, अमन वर्मा और आकाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
