पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी हिरासत में, दो पक्षों के बीच गोली चलने की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर की गई थी फायरिंग; छह लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा

Uncategorized

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच गोली चलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए थे। मामले में छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को रौनापार थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एकराय होकर पुलिस टीम को जान से मारने की नीयत से निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद उपनिरीक्षक अनुराग कुमार पाण्डेय की तहरीर पर रौनापार थाने में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 318/2026 के तहत बीएनएस की धारा 3(5), 109(1) और 351(3) में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 10 नवंबर को उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में तलाश और कार्रवाई में जुटे थे। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कैची बंधा के पास दोपहर करीब 1:45 बजे दबिश देकर नामजद आरोपी धनन्जय यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक बाल अपचारी को भी अपनी अभिरक्षा में लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान धनन्जय यादव (33) पुत्र रामनगीना यादव निवासी ग्राम गांगेपुर गांधी नगर, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वहीं, बाल अपचारी की पहचान गोपनीय रखी गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी, उपनिरीक्षक अनुराग कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार, अमरजीत यादव, मंगला और कुन्दन यादव शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *