
आजमगढ़: मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमिलो पाही मोड़ के पास शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से करीब 300 मीटर दूर खेत में 32 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की।
जानकारी के अनुसार, अमिलो निवासी रविकांत गोंड उर्फ हीरा (32) पुत्र बगीराम का शव शुक्रवार सुबह जोगिंदर नामक व्यक्ति ने खेत में देखा। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव उठाने से रोक दिया। मृतक के भाई और अन्य परिजनों की मांग थी कि उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दें।
सूचना पर थानाध्यक्ष शशि चंद्र चौधरी और वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ईश्वर लाल गुर्जर भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए।
घटनास्थल की बारीकी से जांच और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
