
आजमगढ़)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के रानी की सराय-फरिहा मार्ग पर बघौरा के पास बुधवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कोचिंग पढ़ने जा रही इंटर की छात्रा की मौत हो गई, जबकि टहलने निकला एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के दिलौरी गांव निवासी आंचल गौड़ (17) पुत्री अनुप गौड़ अमर शहीद इंटर कॉलेज, ईश्वरपुर में इंटर की छात्रा थी। बुधवार सुबह करीब छह बजे वह घर से कोचिंग पढ़ने के लिए बघौरा गई थी। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर फरिहा की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के समय रानी की सराय थाना क्षेत्र के रोवा गांव निवासी अबु सहमा (25) भी सड़क पर टहलने निकला था। वह भी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आंचल की मौत हो चुकी थी। घायल अबु सहमा को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से छात्रा के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
