
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के महुला पीपरौटी के पास मंगलवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रौनापार थाना क्षेत्र के चक्की हाजीपुर गांव निवासी 24 वर्षीय रामअनुज यादव उर्फ गोलू अपने रिश्तेदार रजनीश यादव निवासी धूपगढ़, थाना गोला, जनपद गोरखपुर के साथ मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बुलेट मोटरसाइकिल से निजी काम के सिलसिले में दोहरीघाट जा रहे थे। अभी वे महुला पीपरौटी के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक मध्य प्रदेश के सिधौली थाना क्षेत्र के महदईया निवासी दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा चला रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामअनुज यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रजनीश यादव और दुर्गा प्रसाद विश्वकर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर रौनापार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के भाई भोला यादव की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
बताया जाता है कि रामअनुज यादव दो भाइयों में छोटे थे। उनकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है और गांव में शोक का माहौल है।
