
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर दोस्त के नाम से फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने के मामले में मुबारकपुर पुलिस की साइबर टीम ने पीड़ित को 14 हजार रुपये वापस करा दिए। साइबर ठग ने फर्जी आईडी के जरिए पीड़ित से कुल 20 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने ठगी की रकम में से 14 हजार रुपये होल्ड कराकर नियमानुसार वापस करा दिए हैं। शेष छह हजार रुपये की वापसी के लिए कार्रवाई जारी है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती निवासी मोहम्मद शाकिब पुत्र परवेज अख्तर ने 28 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मित्र के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाई और उसके माध्यम से उनसे 20 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुबारकपुर थाने की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान ठगी की गई धनराशि में से 14 हजार रुपये होल्ड कराकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पीड़ित को वापस करा दिए गए।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विधनेश वर्मा, महिला आरक्षी प्रियंका तिवारी, कांस्टेबल विवेक चौहान और अभिषेक यादव शामिल रहे।
