
आजमगढ़। सुनसान घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों की रेकी करने के बाद रात में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के दो सदस्यों को तहबरपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात करते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के खिलाफ तहबरपुर क्षेत्र में चोरी की कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इनमें नवापुरा गांव में जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से बैटरी और इन्वर्टर चोरी करने, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज से पाइप व अन्य सामान गायब करने तथा धर्मदासपुर में खेत पर लगे समरसेबल का सिलेंडर चोरी करने की घटनाएं शामिल थीं।
इसके अलावा रामपुर बैरमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय ईश्वर नुरुद्दीनपुर के रसोईघर से गैस सिलेंडर, चूल्हा और अन्य सामान चोरी किया गया था। गौआश्रय स्थल से स्ट्रीट लाइट के उपकरण, शेखूपुर की दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और वसही वंदेदासपुर स्थित एक घर से एलसीडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा समेत अन्य सामान चोरी किए जाने के मामले भी दर्ज थे।
इन घटनाओं की विवेचना और बरामदगी के आधार पर संजय कुमार पुत्र मूरी राम निवासी खरचलपुर तथा सचिन कुमार पुत्र नगीना लाल निवासी धनियाकुण्डी का नाम प्रकाश में आया था। दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में आरोप पत्र न्यायालय भेजे जाने के बाद गिरोह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी क्रम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अखिलेश यादव की पुलिस टीम ने 13 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे संजय कुमार को सरायमीर थाना क्षेत्र के दरीखा (संजरपुर) स्थित उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरे आरोपी सचिन कुमार को 14 नवंबर की सुबह करीब 7:45 बजे उसके घर के दरवाजे से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, संजय कुमार के खिलाफ चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित छह मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सचिन कुमार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित पांच मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, उपनिरीक्षक लोकेशमणि त्रिपाठी, कांस्टेबल आफताब आलम, किशन मिश्रा, यशपाल यादव तथा महिला कांस्टेबल नर्वदा निषाद और मान्शी मौर्या शामिल रहीं।
