
आजमगढ़। जिले के होनहार निशानेबाज आदित्य विक्रम सिंह ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए आजमगढ़ का नाम प्रदेश और देशभर में रोशन किया है। नई दिल्ली में आयोजित 49वीं स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए आदित्य ने दो स्वर्ण पदक, एक रजत पदक और एक कांस्य पदक सहित कुल चार पदक अपने नाम किए।
आदित्य की इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी सफलता को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे आदित्य ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
अपनी सफलता पर आदित्य विक्रम सिंह ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, कोच सत्यम सिंह तथा अपने शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।
आदित्य के पिता रणजीत सिंह, जो प्राथमिक विद्यालय किशुनपुर, शिक्षा क्षेत्र जहानागंज में प्रधानाध्यापक हैं, ने बेटे की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आदित्य ने परिवार के साथ-साथ पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने आगामी प्रतियोगिताओं के लिए बेटे को शुभकामनाएं देते हुए और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
आदित्य की इस शानदार उपलब्धि पर जहानागंज ब्लॉक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनिल सिंह, महामंत्री शिवप्रकाश चौबे, डॉ. विवेक सिंह, विकास सिंह, यशवंत सिंह, भूपेन्द्र मिश्रा समेत अनेक शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि आदित्य विक्रम सिंह इससे पहले भी कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा चुके हैं। उन्होंने दिल्ली में आयोजित 50वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक तथा जयपुर (राजस्थान) में आयोजित 48वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर आजमगढ़ का गौरव बढ़ाया था। अब 49वीं स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में चार पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
