पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर भीषण हादसा: खड़ी कार में ट्रक की टक्कर, एक की मौके पर मौत, दूसरे के दोनों पैर कटे, आजमगढ़ पुलिस ने ट्रक समेत चालक को पकड़ा

Uncategorized

आजमगढ़, गुरुवार। पवई थाना क्षेत्र में Purvanchal Expressway पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब कार सवार लोग सड़क किनारे रुके थे।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ की ओर से बिहार जा रही एक डिजायर कार एक्सप्रेसवे के करीब 190 किलोमीटर प्वाइंट पर सुरक्षित लेन में खड़ी थी। कार सवार लोग नीचे उतरकर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे आलू लदे ट्रक ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के बाहर खड़े बेगूसराय (बिहार) निवासी ओंकार नाथ मिश्र (38) ट्रक के पहिए के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पूर्णिया निवासी सुधांशु शेखर चौधरी (28) भी ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनके दोनों पैर कट गए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार में मौजूद अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार स्थानीय निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पवई पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को कब्जे में ले लिया। चालक की पहचान रायबरेली जनपद के सरैनी थाना क्षेत्र निवासी रमेश सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह फर्रुखाबाद से आलू लादकर आजमगढ़ की ओर जा रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *