
आजमगढ़। मुबारकपुर कस्बा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आने पर एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा समेत सभी नौ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिसकर्मियों पर एक महिला की शिकायत के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने, पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने और सरकारी कर्तव्यों के बजाय निजी एवं आर्थिक लाभ को प्राथमिकता देने के आरोप हैं।
पुलिस के मुताबिक, आवेदिका इशरत जहां के प्रकरण में चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने और राजकीय कर्तव्यों के विपरीत काम करने के आरोप सामने आए हैं। उन पर आवेदिका से व्यक्तिगत संपर्क रखने का भी आरोप है। इसके अलावा चौकी से कुछ ही मीटर की दूरी पर अवैध पटाखों का भंडारण होने के बावजूद इसकी जानकारी नहीं होने को भी गंभीर लापरवाही माना गया है।
चौकी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
चौकी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों पर भी पक्षपातपूर्ण एवं शोषणपूर्ण कार्रवाई करने, निजी और आर्थिक लाभ को प्राथमिकता देने, स्वेच्छाचारिता तथा अनुशासनहीनता बरतने के आरोप हैं। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा और आठ आरक्षियों को निलंबित कर सभी के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
निलंबित आरक्षियों में हरेन्द्र कुमार सिंह, विनय यादव, कुलदीप सरोज, सत्येन्द्र कुमार यादव, शैलेन्द्र कुमार, मुकुन्द लाल मिश्रा, मुशाहिद रजा और सुजीत यादव शामिल हैं।
बताया गया कि मुबारकपुर कस्बा चौकी पर कुल नौ पुलिसकर्मी तैनात थे और सभी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
