
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान घरभरन निषाद (31) पुत्र हरिहर निषाद निवासी लेदौरा बनरपुरा, थाना अहरौला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को किशोरी की मां ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि घरभरन निषाद उसकी पुत्री को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 315/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) और 87 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
रविवार 15 नवंबर को उपनिरीक्षक उमेश चन्द पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शाहपुर पुलिया से कुछ दूरी पर घेराबंदी कर सुबह करीब 10:45 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कांस्टेबल अजीत कुमार यादव, विकास और महिला कांस्टेबल प्रियंका वर्मा शामिल रहीं।
