फेसबुक पर ऑनलाइन सामान खरीदने के चक्कर में 27 हजार की ठगी, पुलिस ने 7,773 रुपये वापस कराए

Uncategorized

आजमगढ़। फेसबुक पर ऑनलाइन प्रोडक्ट खरीदने के लिए मिले लिंक पर भरोसा करना एक युवक को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने डिलीवरी के नाम पर पहले आधा और फिर शेष भुगतान कराकर कुल 27,556 रुपये की ठगी कर ली। मामले में तहबरपुर पुलिस की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 7,773 रुपये वापस करा दिए।
तहबरपुर थाना क्षेत्र के जिगिना करमनपुर गांव निवासी विशाल प्रजापति पुत्र हीरालाल प्रजापति ने फेसबुक पर ऑनलाइन सामान खरीदने से संबंधित एक नोटिफिकेशन देखा था। उसमें दिए गए लिंक के माध्यम से संपर्क करने पर साइबर ठगों ने प्रोडक्ट की डिलीवरी के नाम पर पहले आधा भुगतान और बाद में शेष रकम जमा करा ली। रुपये जमा करने के बाद भी सामान की डिलीवरी नहीं हुई। 21 जून 2026 को हुई इस ठगी के संबंध में पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में तहबरपुर थाने की साइबर टीम ने शिकायत की जांच कर विभिन्न बैंक खातों में 7,879.37 रुपये होल्ड कराए। इसके बाद पंजाब एंड सिंध बैंक में होल्ड 7,773 रुपये संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पीड़ित के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते में वापस करा दिए गए।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक लोकेशमणि त्रिपाठी, कांस्टेबल किशन मिश्र, ओमप्रकाश और महिला कांस्टेबल दिव्या शुक्ला शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *