
आजमगढ़। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और कर्मचारियों की उपस्थिति परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने रविवार को पल्हनी ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनचोभा और महराजपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों केंद्रों पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। वहीं कई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से दो कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुपस्थिति अवधि का वेतन काटने के साथ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पीएचसी मनचोभा के निरीक्षण में संजीव कुमार सिंह एसएलए, अनंत राय एनएमए, डॉ. प्रफुल्ल कुमार मेडिकल ऑफिसर और संजना यादव बीएचडब्ल्यू अनुपस्थित मिलीं। वहीं पीएचसी महराजपुर में एएनएम दीपा राय पिछले तीन दिनों से अनुपस्थित पाई गईं, जबकि डॉ. श्वेता मिश्रा निरीक्षण के दिन मौजूद नहीं थीं। सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए दोनों स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
उधर, रविवार को जिले के सभी 76 निर्धारित स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। सीएमओ के अनुसार, मेले में 92 चिकित्सकों और 265 पैरामेडिकल कर्मचारियों की तैनाती रही। इस दौरान कुल 1,717 मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें 824 पुरुष, 641 महिलाएं और 252 बच्चे शामिल रहे। मेले में 37 लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए, जबकि 146 मरीजों की कोविड हेल्प डेस्क पर जांच की गई।
बीमारियों के आधार पर मरीजों के आंकड़ों में 302 गैस्ट्रो, 300 मधुमेह, 199 श्वसन संबंधी, 196 त्वचा रोग, 87 उच्च रक्तचाप, 43 लिवर रोग, 13 एनीमिया और दो टीबी के मरीज शामिल रहे। इसके अलावा 97 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की गई और 126 कुपोषित बच्चों को चिह्नित किया गया। गंभीर स्थिति वाले तीन मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया।
सीएमओ ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समय से उपस्थिति और मरीजों को निर्धारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी चिकित्सालयों में अनुशासन, समयबद्ध उपस्थिति और स्वच्छता के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
