
आजमगढ़। घर में परिचित बनकर आना-जाना और परिवार के सदस्यों से घुला-मिला रहना ही एक व्यक्ति के लिए चोरी का मौका बन गया। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बनगांव में घर के बक्से का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
बनगांव निवासी अरविन्द जायसवाल ने 17 नवंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 15/16 नवंबर की रात अज्ञात चोर उनके घर में रखे बक्से का ताला तोड़कर कीमती सामान और जेवरात चोरी कर ले गया था। शिकायत पर दीदारगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चोरी की घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम जुटी हुई थी। मंगलवार को सोंगर पुलिया, ग्राम भादो के पास चेकिंग के दौरान सफेद कार को रोककर उसमें सवार अशोक कुमार यादव (40) पुत्र स्व. सूर्यनाथ यादव, निवासी बनगांव को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वादी के घर आता-जाता था और परिवार के सदस्यों से घुला-मिला होने के कारण घर में रखे सामान की जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने छठ पर्व के दौरान घर में घुसकर बक्से का ताला तोड़ा और जेवर चोरी कर लिए। चोरी के आभूषण लेकर वह उन्हें बेचने के लिए जौनपुर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, अंगूठियां, चूड़ियां, करधनी, माला, मांग टीका, नथिया, कान के फूल, टॉप्स और चांदी की पायल व करधनी समेत करीब 30 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मानवेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल हितेन्द्र यादव, दयाशंकर यादव, सतेन्द्र गुप्ता तथा सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल उमेश कुमार शामिल रहे।
