पंचर मैजिक का टायर बदल रहे दो युवकों को कार ने रौंदा, दोनों की मौत, देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, भूसा लादकर आजमगढ़ जा रहे थे युवक; परिवारों में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के मोहन नगर के पास मंगलवार देर रात सड़क किनारे पंचर मैजिक वाहन का टायर बदल रहे दो युवकों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, भगतपुर गांव निवासी नीतीश कुमार (18) पुत्र शिव सहाय और सनी कुमार (17) पुत्र शिवनाथ मैजिक वाहन पर भूसा लादकर आजमगढ़ की तरफ जा रहे थे। मंगलवार देर रात करीब 1:47 बजे मोहन नगर के पास उनका वाहन पंचर हो गया। दोनों सड़क किनारे मैजिक खड़ा कर उसकी स्टेपनी बदलने लगे। इसी दौरान फैजाबाद की तरफ से पीछे से आ रही तेज रफ्तार वरुणा कार अनियंत्रित होकर मैजिक वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से रानीपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में कार चालक अमर विश्वकर्मा पुत्र रामआदेश और कार में सवार दो छोटे बच्चे सुरक्षित बताए गए हैं।
नीतीश चार बहनों और एक बड़े भाई में सबसे छोटा था। उसकी मां अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, सनी एक भाई और एक छोटी बहन में था। बेटे की मौत से मां सुमन बेसुध हैं। दो युवकों की असमय मौत से भगतपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *