
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के गोठांव गांव के समीप गंभीरपुर-मार्टीनगंज मार्ग पर मंगलवार की देर शाम तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। हादसे में स्कार्पियो सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से सभी घायलों को बाहर निकाला और दूसरे वाहन से ठेकमा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, दीदारगंज थाना क्षेत्र के लारपुर जोखू गांव से बारात लेकर स्कार्पियो गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कमरावा गांव जा रही थी। मंगलवार रात करीब 7:30 बजे गोठांव गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार स्कार्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद गाड़ी सड़क किनारे पेड़ को तोड़ते हुए खाई में पलट गई। हादसे में लारपुर जोखू गांव निवासी उदयभान (27), अमन (22), बिट्टू (25), वीरू (24), अंकुर (24), राहुल (26) और सूरज (23) घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कार्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी घटनास्थल के आसपास लगातार चार सड़क हादसे हो चुके हैं। एक ही स्थान के इर्द-गिर्द बार-बार दुर्घटनाएं होने से लोगों में रहस्य बना हुआ है। साथ ही सड़क की स्थिति और दुर्घटनाओं के संभावित कारणों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
