
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत अजमतगढ़ के महादेव नगर वार्ड नंबर-1 निवासी आदर्श कुमार (पुत्र स्वर्गीय रामनयन) की सोमवार शाम वेल्डिंग का कार्य करते समय करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, जीयनपुर बाजार में कवि कुमार साहनी की स्टील रेलिंग बनाने की दुकान है, जहां आदर्श कुमार सहित कई लोग काम करते थे। सोमवार को कवि कुमार साहनी, अजमल और आदर्श कुमार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के हरखोरी गांव में पारस सिंह के घर रेलिंग लगाने का कार्य कर रहे थे।
बताया गया कि शाम करीब 5:30 बजे आदर्श कुमार ग्राइंडर मशीन से रेलिंग की फिनिशिंग कर रहा था। इसी दौरान मशीन में करंट उतर आने से वह उसकी चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया और तत्काल जीयनपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक दो भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर था। उसकी मां लीला देवी और भाई आकाश कुमार समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही जीयनपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, आजमगढ़ भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
