धुंध के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तीन की मौत, 10 घायल, तेज़ रफ्तार निजी स्लीपर बस पीछे से ट्रेलर में घुसी, पीछे से एक के बाद एक टकराए कई अन्य वाहन, दो बस और पांच ट्रक क्षतिग्रस्त

Uncategorized

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास 252 स्टोन पर गुरुवार की सुबह करीब 8 बजे धुंध के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। कम दृश्यता के कारण लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। इसके बाद बस के पीछे आ रहे कई वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, सुबह धुंध के कारण एक्सप्रेसवे पर दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान निजी बस का चालक आगे चल रहे ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका और बस सीधे उसमें जा टकराई। बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही पीछे से आ रहे वाहन भी अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से भिड़ गए। देखते ही देखते कई वाहन हादसे की चपेट में आ गए। दुर्घटना में दो बस और पांच ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना प्रभारी प्रदीप मिश्र समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया गया। हादसे के चलते कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर आवागमन प्रभावित रहा। घटना के बाद सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। SP City मानुष पारीक, CO सिटी शुभम तोदी समेत पुलिस टीम टीम अस्पताल पहुंच कर राहत कार्य का जायजा लिये। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक बस में थे और बस दिल्ली से गाजीपुर जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *