बेटी की शादी से एक दिन पहले सड़क हादसे में पिता की मौत, गम के माहौल में पूरी हुईं शादी की रस्में

Uncategorized

आजमगढ़। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पिता की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को बेटी की शादी होनी थी। पिता की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। इसके बावजूद परिजनों ने गम के माहौल में बेटी की शादी की रस्में पूरी कराईं। रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद पिता का शव घर पहुंचा तो परिवार में एक बार फिर मातम छा गया।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सराय पल्टू गांव निवासी सीताराम (58) पुत्र सामू शनिवार शाम करीब चार बजे बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा स्थित यूनियन बैंक से रुपये निकालकर साइकिल से सड़क पर आए थे। इसी दौरान उनकी साइकिल पीछे खड़ी पिकअप और सामने से आ रहे चारपहिया वाहन के बीच फंस गई। हादसे में सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल पर जुटे लोगों ने उन्हें वाहनों के बीच से बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीताराम के परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं। रविवार को उनकी एक बेटी की शादी तय थी। घर में शादी की खुशियां मनाने की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पिता की मौत के बावजूद परिजनों ने तय कार्यक्रम के अनुसार शादी की रस्में पूरी कराईं। रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। सूचना पर पहुंची बरदह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपनिरीक्षक पुनीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *