
आजमगढ़। शहर के सिविल लाइन वार्ड स्थित कुंवर सिंह उद्यान में बिजली विभाग की लापरवाही एक छायादार पेड़ के अस्तित्व पर भारी पड़ रही है। पार्क में महिला पिंक शौचालय के पास बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इसी ट्रांसफार्मर से विकास भवन, हरिऔध कला केंद्र समेत आसपास के अन्य स्थानों पर बिजली की आपूर्ति की जाती है। ट्रांसफार्मर के बगल में हाईटेंशन लाइन के लिए बिजली का पोल भी लगाया गया है। पोल को सहारा देने के लिए लगाई गई स्टे केबल को पार्क में लगे एक पेड़ के तने से बांध दिया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जब स्टे केबल बांधी गई थी, तब पेड़ छोटा था। समय के साथ पेड़ का आकार बढ़ता गया, लेकिन केबल को हटाने या उसकी व्यवस्था दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठाई गई। अब केबल पेड़ के मुख्य तने को चीरती हुई अंदर तक धंसती जा रही है। स्थिति ऐसी है, मानो पेड़ का गला घोंटा जा रहा हो। यदि समय रहते केबल को नहीं हटाया गया तो पेड़ धीरे-धीरे सूखकर नष्ट हो सकता है।
पार्क में सुबह टहलने आने वाले मॉर्निंग वाकर इस स्थिति से क्षुब्ध हैं। उनका कहना है कि एक तरफ शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण की बात की जाती है, वहीं दूसरी तरफ नगर पालिका और बिजली विभाग की अनदेखी से पार्क के एक छायादार पेड़ को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। गर्मी के दिनों में इसी पेड़ की छांव में लगे पत्थर के बेंच पर लोग बैठकर आराम करते हैं। ऐसे में लोगों ने संबंधित विभागों से स्टे केबल को पेड़ से हटाकर उचित स्थान पर लगाने और पेड़ को बचाने की मांग की है।
