
आजमगढ़। अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के भोराजपुर स्थित कांटा वाली बाग में रविवार को निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) की ओर से संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी आजमगढ़ जिले की दो और आजमगढ़ मंडल की चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अपने राजनीतिक अधिकारों और हिस्सेदारी से पीछे हटने वाली नहीं है।
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी की नींव समाज के आम लोगों ने रखी है। आजमगढ़ पार्टी का प्रमुख केंद्र रहा है। गोरखपुर के बाद आजमगढ़ और अतरौलिया ने पार्टी को कभी निराश नहीं किया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में अतरौलिया सीट से निषाद पार्टी के प्रत्याशी ने जिले की सभी 10 सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों में सर्वाधिक वोट हासिल किए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एनडीए को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और इसी कारण वह समय मिलने पर आजमगढ़ आते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ को न तो निषाद पार्टी भूली है और न ही यहां का निषाद समाज पार्टी को भूलेगा। कुछ नेताओं द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि डॉ. संजय निषाद ने वर्ष 2022 में निषाद समाज के लोगों को टिकट नहीं दिया था। इस पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि अतरौलिया विधानसभा सीट मिलने के बाद उन्होंने स्थानीय निषाद नेताओं से चुनाव लड़ने के लिए संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने निषाद पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। इसी तरह कटहरी विधानसभा सीट पर भी एक पूर्व मंत्री को टिकट देने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने भी चुनाव लड़ने से मना कर दिया। इसके बाद दूसरे समाज के प्रत्याशियों को टिकट दिया गया।
डॉ. निषाद ने कहा कि आज भी उनकी प्राथमिकता आजमगढ़ के निषाद समाज के लोगों को टिकट देने की रहेगी। चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल में हों, लेकिन प्रत्याशी में चुनाव जीतने की क्षमता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में समाज के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। केवल एक समाज को टिकट देकर कोई भी राजनीतिक दल सफल नहीं हो सकता।
उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता अलग-अलग दलों में रहकर समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी विचारों और शालीनता की राजनीति में विश्वास करती है, लेकिन समाज के अधिकारों पर किसी को डाका नहीं डालने दिया जाएगा।
डॉ. संजय निषाद ने भाजपा के साथ गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2022 में निषाद पार्टी को गठबंधन के तहत 16 सीटें मिली थीं और पार्टी अपनी हिस्सेदारी की सीटों को छोड़ने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को सीटों को लेकर आपत्ति है तो वह भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से बात कर सकता है।
इस दौरान उन्होंने कहा, “हम महाराजा गुह्यराज निषाद के वंशज हैं। हम पहले किसी को छेड़ते नहीं हैं, किंतु हमें कोई छेड़ता है तो हम छोड़ते भी नहीं हैं।”
महासम्मेलन में बड़ी संख्या में निषाद पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
