ऑपरेशन त्रिशूल: बिहार के दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 11.334 किलो गांजा बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिशूल के तहत जहानागंज पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 11.334 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। दोनों आरोपी बिहार के सारण (छपरा) जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 22 नवंबर को जहानागंज पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बजहा पुलिया के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार राय पुत्र अलगु राय, निवासी पदुमपुर दुमर्सन, थाना मसरख, जनपद सारण (छपरा), बिहार और लालबाबु राय पुत्र योगेन्द्र राय, निवासी ग्राम सरदारगंज, थाना मसरख, जनपद सारण (छपरा), बिहार के रूप में हुई है। अनिल कुमार के कब्जे से 6.154 किलोग्राम और लालबाबु राय के पास से 5.180 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों के पास से कुल 11.334 किलोग्राम गांजा मिला।
इस मामले में थाना जहानागंज में मु0अ0सं0 242/26 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक शिवम त्यागी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *