सेना का अंग बनकर राष्ट्र सेवा करना युवाओं का परम लक्ष्य: हरपाल सिंह, एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों को दी गई अग्निवीर एवं सेना भर्ती की जानकारी

Uncategorized

आजमगढ़। 99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन भारतीय सेना में भर्ती संबंधी विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस दौरान वाराणसी सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) से पहुंचे सूबेदार मेजर हरपाल सिंह ने कैडेटों को अग्निवीर भर्ती योजना तथा सेना में अधिकारी एवं अन्य पदों पर भर्ती की विस्तृत जानकारी दी।
सूबेदार मेजर हरपाल सिंह ने कहा कि भारतीय सेना विश्व की सबसे बड़ी और शक्तिशाली सेनाओं में शामिल है। सेना का हिस्सा बनना देश के युवाओं के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा समय-समय पर अग्निवीर योजना में किए गए बदलाव युवाओं के लिए लाभकारी साबित हो रहे हैं, जिससे वे न केवल सेना में शामिल होकर उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने सेना में भर्ती के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक दक्षता, चयन प्रक्रिया और अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए कैडेटों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम में वाराणसी से आए हवलदार सुरजीत दत्ता ने भी कैडेटों को संबोधित किया और सेना में करियर की संभावनाओं से अवगत कराते हुए उनमें देश सेवा का उत्साह जगाया।
कार्यशाला का संचालन एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह ने किया, जबकि सेकेंड ऑफिसर डी.के. मिश्रा ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एआरओ वाराणसी के स्टाफ, 99 यूपी बटालियन के पीआई स्टाफ, एनओओगण तथा विभिन्न जनपदों से आए एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *