आजमगढ़ में दो करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 1.16 किलो मादक पदार्थ बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिशूल के तहत मुबारकपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 16 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ (हेरोइन) बरामद किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी, दो मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 1,130 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 और 23 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 12:55 बजे मुबारकपुर पुलिस की टीम बावन बीघा पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई तो उनके पास से 1 किलो 16 ग्राम हेरोइन, दो डिब्बे रासायनिक पदार्थ, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो मोबाइल फोन और 1,130 रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहिल पुत्र शमसुद्दीन निवासी कोटिला बारहदरी, शाहीन कॉलोनी, थाना कोतवाली, आजमगढ़ (करीब 20 वर्ष) तथा जीशान पुत्र साजिद निवासी कोटिला नाला धर्मू, थाना कोतवाली, आजमगढ़ (करीब 21 वर्ष) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त का कारोबार करते हैं। हीरापट्टी से ब्रह्मस्थान जाने वाले रास्ते पर अन्य व्यक्तियों से मादक पदार्थ लेकर स्कूटी से उसकी बिक्री करने जा रहे थे। स्कूटी की डिग्गी में मादक पदार्थ के पैकेट, रासायनिक पदार्थ और इलेक्ट्रॉनिक तराजू रखकर परिवहन कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुबारकपुर थाने में मु0अ0सं0 402/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/29/60(3) में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों के बारे में भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *