आजमगढ़ में अपराधियों पर बड़ा एक्शन: 2 बदमाश 5 माह के लिए जिलाबदर, कई पर थाने में साप्ताहिक हाजिरी अनिवार्य

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चोरी, गृहभेदन और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में अपर जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) आजमगढ़ ने थाना मेंहनाजपुर क्षेत्र के दो सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें जनपद की सीमा से बाहर कर दिया है। जिलाबदर किए गए अभियुक्तों में प्रत्यांशु सिंह उर्फ भोला सिंह निवासी बेला और रामबदन राम निवासी कूबा खास शामिल हैं। दोनों पर चोरी, गृहभेदन, चोरी की संपत्ति रखने व आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर मामलों में संलिप्तता पाई गई थी। प्रशासन ने उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों को 28 मार्च 2026 से 5 माह की अवधि के लिए जिलाबदर कर दिया है।
वहीं दूसरी ओर, जनपद के अन्य थानों में भी गुण्डा एक्ट के तहत अपराधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। थाना तरवां क्षेत्र के अभिषेक यादव उर्फ योगेंद्र यादव निवासी ठाटा के विरुद्ध धारा 3(1) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उसे आगामी 5 माह तक प्रत्येक सोमवार को थाना तरवां में उपस्थित होकर हाजिरी लगाने का आदेश दिया गया है।
इसी प्रकार थाना मेंहनगर क्षेत्र के लक्ष्मण पाण्डेय निवासी फिनीहीनी को भी गुण्डा एक्ट के तहत चिह्नित करते हुए 5 माह तक प्रत्येक सोमवार को थाना मेंहनगर में थानाध्यक्ष के समक्ष हाजिरी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि इन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक घटना को रोका जा सके। आदेश का पालन न करने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद में अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और आम जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *